ऊना, 20 अक्तूबर : उपमंडल के अंदौरा गांव में 38 वर्षीय एक व्यक्ति सल्फास निगलकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान पूर्ण चंद पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने मृतक शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पूर्ण चंद घरेलू विवाद के चलते पिछले कुछ दिनों से अवसाद से ग्रस्त था। मंगलवार दोपहर को वह अम्ब बाजार में कुछ सामान लेने आया था। लेकिन वह वापस जाते समय उसने कोई सल्फास निगल लिया और घर जाते ही उसकी तबियत बिगड़ गई। जिसके चलते परिवार के लोग उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब ले आए। यहां पर उसकी तबियत में कोई सुधार न हुआ और चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे ऊना अस्पताल रैफर कर दिया। लेकिन ऊना पहुंचने से पहले ही उसकी रास्ते में मौत हो गई। डीएसपी अम्ब सृष्टि पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की घटना की सूचना मिलने पुलिस ने मृतक के घरवालों के बयानों के आधार पर मामले तफ्तीश शुरू कर दी है।