मंडी : बरोट क्षेत्र के दुर्गम गांव रुलंग में एक आठ कमरों का मकान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में करीब 50 लाख नुकसान आंका गया है। पधर पुलिस ने मौके का जायजा लिया है और छानबीन कर रही है। मकान में चार परिवार रहते थे। घटना के वक्त कोई भी मकान में नहीं थे।
जानकारी के अनुसार लपास पंचायत के दुर्गम रुलंग गांव में मंगलवार सुबह अचानक मकान से ग्रामीणों ने धुंआ उठता देखा। जिसकी सूचना अन्य लोगों को दी। लकड़ी का मकान होने की वजह से आग एकदम भड़क गई। आग की भड़की लपटों के आगे ग्रामीणों के प्रयास सफल नहीं हो पाए और देखते ही देखते मकान जलकर राख हो गया। घटना में आंखों के सामने घर मे रखा सारा सामान जल गया। बताया जा रहा है कि मकान में तीन भाइयों के अलग-अलग परिवार व माता-पिता अलग से रहते थे।
घटना के समय सभी बड़े सदस्य आलू बिजाई के कार्य को लेकर घर से बाहर थे, जबकि बच्चे बाहर खेल रहे थे। मकान में नेक राम, चेत राम, राम लाल व उनके पिता सवारूँ राम रहते थे। जोकि इस घटना से बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। लपास पंचायत के उप प्रधान रमेश चंद ने बताया कि आग की इस घटना से चार परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि पटवारी हल्का ने मौके का जायजा लिया है। करीब 50 लाख नुकसान बताया गया है।