शिमला : केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में रविवार को 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप सुबह 10:54 बजे आया, जिसका अधिकेंद्र लद्दाख में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके लगे। हालांकि कहीं से भी किसी तरह की जान-माल की क्षति होने की खबर नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने यह जानकारी दी। छह दिन पहले हिमाचल प्रदेश की राजधानी में 3.6 की तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश अति संवेदनशील जोन 4 व 5 में शामिल है। 115 साल पहले कांगड़ा व चंबा जिलों में आए भूकंप से 10 हज़ार लोग मारे गए थे।