कुल्लू : पर्यटन नगरी मनाली की एक महिला ने दूसरी महिला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिसमें महिला करीब 25 प्रतिशत झुलस गई है। तेल छिड़ककर आग लगाने वाली महिला ने बाद में खुद को भी नुक्सान पहुंचाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार नग्गर की किरण (30) नाम की महिला ने मनाली में ढाबा चलाने वाली रामदेई पत्नी शिवराम पर उसके ढाबे में जाकर इस घटना को अंजाम दिया। महिला ने अपनी स्कूटी रामदेई के ढाबे के बाहर खड़ी की। स्कूटी से पेट्रोल निकाला और महिला पर छिड़क दिया। बाद में महिला को आग लगा दी। उसके बाद रामदेई को मनाली के मिशन अस्पताल में भर्ती किया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस घटना के दौरान किरण ने अपने आप को भी नुक्सान पहुंचाने की कोशिश की है, जिससे वह भी घायल हो गई है। सूत्रों की माने तो इस घटना के पीछे का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर इसकी छानबीन शुरू कर दी है।