एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल के सभी जिलों में भयंकर गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल है। मैदानी क्षेत्रों में तापमान में अचानक आई बढ़ोत्तरी की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार को पांच जिलों का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। ऊना में तापमान 45 डिग्री पार कर गया। वहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बिलासपुर, कांगड़ा, सुंदरनगर और हमीरपुर में अधिकतम तापमान क्रमशः 41.2, 41, 41 और 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऊना में गर्मी ने जून माह में पिछले 15 साल के रिकाॅर्ड की बराबरी कर दी। इससे पहले ऊना में 21 जून 2005 को 45.2 डिग्री तापमान रिकाॅर्ड हुआ था।
चौंकाने वाली बात यह है कि मैदानों के साथ-साथ पहाड़ भी गर्मी का मार झेल रहे हैं। समर सीजन में पहाड़ों की रानी शिमला में भी खूब गर्मी पड़ रही है। ऐसे में यहां घूमने आने वाले सैलानियों को भी गर्मी के तीखे तेवरों से जूझना पड़ रहा है। शिमला का पारा इस साल पहली बार 30 डिग्री को छू गया। यहां गर्मी ने पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। शिमला में आज दिन का तापमान 30.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक जून महीने में इससे पहले साल 2014 में राजधानी में तापमान 31.4 डिग्री रिकाॅर्ड हुआ था। मशहूर पर्यटन स्थल डलहौजी में भी पारा 25 डिग्री पहुंच गया। जबकि भुंतर में अधिकतम तापमान 38 2, चम्बा में 37.9, कल्पा में 24.9 और केलंग में 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य के अनेक क्षेत्रों में अंधड़ के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इस संबंध में चेतावनी भी जारी की है। इससे गर्मी का प्रकोप काफी हद तक कम होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन शर्मा ने कहा कि 11 व 12 जून को मैदानी तथा मध्यवर्ती इलाकों में अंधड़ के साथ तेज बारिश की आशंका है। मैदानों में 13 व 14 जून को मौसम फिर साफ हो जाएगा। लेकिन शेष क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है।