एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल युवा कांग्रेस उन पदाधिकारियों को संगठन से बाहर का रास्ता दिखाएगी, जो कि काफी समय से संगठन में निष्क्रिय थे। प्रदेश देश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई संगठन की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव व प्रदेश प्रभारी जगदेव गागा ने विशेष तौर पर शिरकत की।
बैठक में सर्वप्रथम सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि राहुल गांधी जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहिए। बैठक में लोकसभा चुनावों में मिली हार के वारे में मंथन किया गया। इस दौरान निष्क्रिय पदाधिकारियों पर भी चर्चा की गई कि क्यों न उन्हे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए। सभी पदाधिकारियों ने इस समीक्षा बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के समक्ष युवा कांग्रेस के पदाधिकारी जो अच्छा कार्य कर रहें है उन्हे ब्लाॅक, जिला व प्रदेश स्तर पर शामिल किया जाएं।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस की जड़ एनएसयूआई से होकर युवा कांग्रेस और फिर कांग्रेस का वट वृक्ष बनता था। हमें युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को और ज्यादा मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती और विस्तार में इन दोनो संगठनों का बहुत बड़ा योगदान है, जिसे किसी भी सूरत पर नजर अंदाज नही किया जा सकता।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा में मिली हार के कारणों की पूरी समीक्षा कर रही है और जल्द ही इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ढ़ाचें में बदलाव किया जाएगा और इसमे अधिकतर युवा शक्ति को शामिल किया जाएगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि वह जल्द ही विधानसभा स्तर का दौरा करेंगे और जहां भी विधानसभा अध्यक्ष निष्क्रिय पाए जाएगा वहां नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में दो उपचुनाव होने वाले है इसके लिए हमें अभी से बूथ स्तर पर कमेटीयों को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के टिकट आवंटन में भी स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं की बात को सुना जाना चाहिए।