दीक्षा कश्यप/नाहन
छठी आईआरबी बटालियन कोलर में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र कुमार की ओरका नेशनल कबड्डी लीग के लिए पांच लाख से बोली शुरू होगी। कबड्डी लीग के तहत देश के 12 चुनिंदा शहरों में ट्रायल आयोजित हुए थे। चंडीगढ़ में आयोजित ट्रायल में देवेंद्र कुमार का चयन भी हुआ है। अब कांस्टेबल देवेंद्र को 25 अप्रैल से 10 मई तक ऑक्शन कैंप का हिस्सा बनना है। देश भर से 5000 कबड्डी खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। पहले चरण में 400 खिलाड़ी चयनित हुए इसके बाद दूसरा कैंप राजस्थान के सालासर में आयोजित हुआ, यहां से कबड्डी लीग के लिए देश भर के 200 खिलाड़ी चयनित हुए हैं। इसमें पुलिस विभाग के कांस्टेबल देवेंद्र कुमार का भी चयन हुआ।
हमीरपुर के जाहु के रहने वाले 30 वर्षीय देवेंद्र कुमार ने पुलिस विभाग में 2011 में अपनी सेवाएं शुरू की थी। प्रदेश के उम्दा कबड्डी खिलाड़ी देवेंद्र कुमार पांच मर्तबा नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा आल इंडिया यूनिवर्सिटी में भी अपना जलवा बिखेरा है। बदकिस्मती से दो साल तक चोटिल रहने की वजह से कबड्डी नहीं खेल पाए,अन्यथा भारतीय टीम का भी हिस्सा बन सकते थे।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर के साथ भी कांस्टेबल देवेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है। कांस्टेबल देवेंद्र कुमार का कहना है कि हिमाचल की कबड्डी हरियाणा पर भारी पड़ रही है। उनका कहना था कि कबड्डी लीग में उनका बेस प्राइस पांच लाख तय हुआ है,बोली बढ़ भी सकती है। कांस्टेबल देवेंद्र कुमार को बटालियन के कमांडेंट अनुपम शर्मा के अलावा सब इंस्पेक्टर सुरेश चौहान से काफी प्रोत्साहन मिल रहा है। उनका कहना है कि कबड्डी लीग के पहले सीजन का नामी स्पोर्ट्स चैनल पर सीधा प्रसारण भी होगा। उन्होंने प्रोत्साहन के लिए बटालियन के कमांडेंट का विशेष तौर पर आभार जताया है।
खास बातचीत के दौरान कांस्टेबल देवेंद्र कुमार ने कहा है कि ऑक्शन कैंप में न्यूनतम पांच लाख की राशि मिलना तय है। लिहाजा वह इस राशि का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा चैरिटी के कार्यों पर खर्च करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके तहत गरीबों की आर्थिक मदद व रोगियों की आर्थिक सहायता शामिल होगी।