सोलन (एमबीएम न्यूज): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन को स्तरोन्नत कर इसे 200 बिस्तरों का अस्पताल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने साढ़े 4 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित क्षेत्रीय अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के स्तरोन्नत पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश के नाहन, हमीरपुर व चंबा में तीन मैडीकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जोकि पूर्व यूपीए सरकार का बहुमूल्य तोहफा है। इनके लिए प्रति कॉलेज 190 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि सोलन का तेजी से विस्तार हो रहा है और बीते एक दशक के दौरान शहर की आबादी में 34.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है। इससे पूर्व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री एवं अन्य मेहमानों का स्वागत किया।