वी कुमार /मंडी
द्रंग से भाजपा के विधायक जवाहर ठाकुर ने अपने चाचा ज्योति प्रकाश ठाकुर और उनके दो बेटों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। विधायक ने औट थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं विधायक के चाचा ज्योति प्रकाश ने भी विधायक पर उन्हें मारने की धमकी देने और विधायकी की धौंस दिखाने का आरोप लगाया है। पुलिस आई हुई दोनों शिकायतों पर जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला बीती शाम का है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टकोली गांव में स्थानीय देवता मेला आयोजित किया जा रहा था। इसमें इलाके के लोग अपने देवी-देवताओं के साथ शिरकत करने आए हुए थे। मेले में द्रंग से भाजपा के विधायक जवाहर ठाकुर अपने गांव के देवता संग मेले में आए। यहां देवता को बैठाने वाले स्थान को लेकर विधायक का अपने चाचा ज्योति प्रकाश के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि यहीं पर मारपीट भी हुई। विधायक ने औट थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है और अपने चाचा ज्योति प्रकाश और उनके दो बेटों ललित कुमार और विपन कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है।
पुलिस ने पिछले कल ही विधायक का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू कर दी है। वहीं ज्योति प्रकाश ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि उन्हें विधायक जवाहर ठाकुर ने मारने की धमकी दी है। इसके साथ ही इन्होंने शिकायत में विधायक पर अपने पद की धौंस दिखाने का आरोप भी लगाया है। इस बारे में भी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि अभी यह सिर्फ एक-दूसरे पर लगाए गए आरोप ही हैं जबकि इन आरोपों को पुलिस वैरिफाई करने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि विधायक जवाहर ठाकुर और उनके चाचा ज्योति प्रकाश का पहले से आपसी विवाद चल रहा है और इस पूरे घटनाक्रम को उस आपसी विवाद के साथ जोड़कर भी देखा जा रहा है। एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधायक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दूसरे पक्ष की तरफ से आई शिकायत पर कार्रवाही की जा रही है।
Latest
- ‘चाहे कुछ भी हो मजबूरी-वोट डालना है जरूरी’ के नारों से गूंजा जुन्गा
- संगड़ाह : घास काटने गई महिला की ढांक में गिरने से मौत
- बुजुर्ग दंपत्ति ने निभाई 7 फेरों की सौगंध, पत्नी की मौत के चंद घंटे में फौजी साहब ने त्यागा संसार
- 24 मई को पीएम नरेंद्र मोदी नाहन व मंडी में करेंगे 2 रैलियां : राजीव बिंदल
- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा में चोरी की बिजली का इस्तेमाल, 10 हजार जुर्माना