बिलासपुर (अभिषेक मिश्रा): बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। रोजी-रोटी की तलाश में देववंती अपने पति सोनू राम के साथ पहुंची थी। दर्दनाक हादसे में दीवार के नीचे दब जाने से पति सोनू राम की मौत हो गई है। अनहोनी यहीं नहीं रुकी, 10 साल का बेटा आकाश भी मलबे के नीचे दबने से मौत की नींद सो गया। खुद अभागी देववंती जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
घुमारवीं उपमंडल के मलियावर गांव में अपने पति के साथ सुरेश कुमार के पुराने मकान को गिराने पहुंची थी। 10 साल का बेटा भी साथ था। अचानक ही दीवार ढह गई। दर्दनाक हादसे में बाप-बेटे की मौत हो गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बचाव कार्य भी शुरू किया गया। लेकिन तब तक पिता व बेटा एक साथ दुनिया को छोड़ चुके थे। घायल हालत में देववंती को बिलासपुर अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
सनद रहे कि परिवार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से यहां आया था।