मंडी(वी कुमार): हिमाचल प्रदेश में पहली बार पतंग उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव शहर के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित होगा जिसे जिला पुलिस सोच संस्था और देवभूमि मोटर्स तथा अन्य लोगों के सहयोग से आयोजित करने जा रही है। सोमवार 22 जनवरी को वसंत पचंमी वाले दिन 2 से 5 बजे तक इस पतंग उत्सव का आयोजन किया जाएगा। डीएसपी हैडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अपनी संस्कृति को सहेजे रखने के उद्देश्य से पतंग उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इसमें स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी और व्यक्तिगत तौर भी बेहतर पतंगबाजी करने वाले को ईनाम में स्मृति चिंह भेंट किए जाएंगे। पतंग उत्सव के दौरान बड़े-बड़े पतंग भी मंगवाए गए हैं जिन्हें बाहर से आए विशेषज्ञ उड़ाकर लोगों को रोमांचित करेंगे।
पतंग उत्सव को मंडी जिला पुलिस ने मंडी काईट फैस्टिवल का नाम दिया है और इसे सोच संस्था तथा देवभूमि मोटर्स सहित अन्य लोगों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
पतंग उत्सव के दौरान डीजे का भी प्रावधान होगा। डीजे पर एक थीम म्यूजिक बजाया जाएगा और खुले मैदान से हजारों की संख्या में पतंगे नीले आसमान में उड़ाई जाएंगी। यह पहली बार होगा जब हिमाचल प्रदेश में इस प्रकार का पतंग उत्सव आयोजित किया जाएगा। डीएसपी हितेश लखनपाल की मानें तो यह उत्सव इस बार शुरू होगा और भविष्य में इसे लगातार आयोजित किया जाएगा।