मंडी (वी कुमार): जोनल हास्पिटल मंडी में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार 95 वर्षीय काली देवी कुल्लू की रहने वाली थी और फ्रैक्चर के कारण जोनल हास्पिटल मंडी के आर्थो वार्ड में उसका उपचार चल रहा था।
10 अगस्त की शाम कोही महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मृतका के परिजनों ने पुलिस को जो जानकारी दी है। उसके अनुसार सुबह सभी नींद में थे और महिला उठकर खिड़की के पास चली गई। यहां से महिला नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई। वहीं सीटी चौकी प्रभारी एसआई मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया औरपरिजनों के बयान दर्ज किए।
परिजनों ने किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है और इसे एक हादसा ही बताया है। एसआई मनोज कुमार के अनुसार मामला दर्ज करके और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है, मामले की छानबीन जारी है।