मंडी (वी कुमार) : अगर आप फोटोग्राफी और जानकारियां जुटाने का शौक रखते हैं तो इस बार के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आप ईनाम पा सकते हैं। जी हां, जिला प्रशासन पहली बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान दो अनूठी प्रतियोगिताएं करवाने जा रहा है। 15 से 21 फरवरी तक क्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार दो नई प्रतियोगिताओं को शामिल किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिताएं फोटोग्राफी और सोशल मीडिया से संबंधित है। यदि आप प्रोफैशनल फोटोग्राफर हैं या फोटोग्राफी आपका शौक है तो आप शिवरात्रि महोत्सव में अपनी इस कला के जौहर दिखा सकते हैं। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में देवी-देवता और व्यक्ति विशेष की थीम तय की गई है। आपको पूरे महोत्सव के दौरान आए देवी-देवता और लोगों की बेहतरीन तस्वीरें खींचनी होंगी।
अमूमन अधिकतर फोटोग्राफर इन तस्वीरों की खातिर यहां हर वर्ष आते हैं लेकिन इस बार इसके लिए प्रशासन ने बाकायदा ईनाम का प्रावधान कर रखा है। आपके द्वारा खींची गई तस्वीरों को आप प्रशासन द्वारा बनाए गए पैनल के पास देंगे और यही पैनल बेहतरीन तस्वीरों का चयन करेगा।
डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि जो तस्वीरें बेहतर पाई जाएंगी उन्हें ईनाम दिया जाएगा। वहीं इस बार सोशल मीडिया को लेकर भी एक प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके लिए आपको महोत्सव में आने वाले देवी-देवताओं की तस्वीरों के साथ उनकी संपूर्ण जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करनी होगी। मसलन, देवी-देवता का मूल स्थान कहां पर है, इतिहास क्या है, शिवरात्रि महोत्सव से क्या नाता है, मंडी में कहां रूकते हैं, क्या मान्यताएं हैं और महोत्सव के दौरान इनकी क्या गतिविधि रहती है। जो स्टीक जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करेगा उसे भी ईनाम देने का प्रावधान रखा गया है।
डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि जल्द ही इन प्रतियोगिताओं की संपूर्ण जानकारी लोगों तक पहुंचा दी जाएगी क्योंकि अभी इसके आयोजन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बता दें कि क्षेत्र में आयोजित होने वाला शिवरात्रि महोत्सव अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त है। इसलिए यहां हर वर्ष कुछ न कुछ नया करने का प्रयास प्रशासन करता रहता है। प्रशासन के इस प्रयास से महोत्सव के कई रंग कैमरे की नजर से देखने को मिलने वाले हैं और कई अहम जानकारियां भी सांझा होने वाली हैं।