सोलन (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी शिमला की तरफ से आगामी 11 जुलाई को उपायुक्त कार्यालय सोलन के सभागार में पहाड़ी गांधी के नाम से विख्यात दिवंगत साहित्यकार बाबा कांशीराम की जयंती के उपलक्ष्य पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेशभर से साहित्यकार एवं कवि हिस्सा लेंगे।
हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी शिमला के सचिव अशोक हंस ने बताया कि पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम के जन्मोत्सव पर 11 जुलाई को उपायुक्त कार्यालय सोलन के सभागार में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। सुबह के सत्र में पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके उपरांत हिंदी और पहाड़ी कहानी तथा कविता पाठ विषय पर परिचर्चा होगी।
दोपहर बाद समारोह का दूसरा सत्र शुरू होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले साहित्यकार बहुभाषी कवि सम्मलेन में हिस्सा लेंगे। कवि गोष्ठी में साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों पर न सिर्फ कटाक्ष करेंगे,बल्कि शासन तथा प्रशासन से बुराईयों को समाप्त करने के लिए सिफारिश भी करेंगे।