सुंदरनगर (नितेश सैनी) : सुंदरनगर में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने ईद-अल-जुहा का पर्व बड़े हर्षोल्लास से मनाया। मंगलवार को सुंदरनगर में ईद-अल-जुहा पर नमाज अदा करने से पूर्व संप्रदाय के लोगों में भारी उत्साह के साथ सुबह से ही मस्जिद में चहल-पहल शुरु हो गई।
भोजपुर स्थित जामा मस्जिद के तीनों तल स्थानीय तथा बाहरी राज्य से आए नमाजियों से भरे रहे। इसके साथ यहां की घाढ़ा व पुघं सहित मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र डिनक-डुगराईं और डढ़ोह की मस्जिदों में संप्रदाय के हजारों लोगों ने ईद-अल-जुहा की नमाज अदा की। नमाज अदा कर देश प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
सुंदरनगर की भोजपुर स्थित जामा मस्जिद में इमाम मौलाना सनावर ने नमाज अदा कराई और दुआ मांगते हुए राज्य अल्पसंख्यक दलित रिफोरम के अध्यक्ष एजी सेख ने कहा कि इस्लाम मानने वालों को ईद-अल-जुहा का पर्व कुर्बानी के जज्बे में समर्पण के साथ-साथ आपसी भाईचारे और प्यार का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से इलाके में अल्लाह की रहमत बरसती है। इस अवसर पर उन्होने संप्रदाय के लोगों सहित नगरवासियों को ईद के पर्व की बधाई दी है।
इस अवसर पर प्रदेश के अनुसूचित जाति जनजाति विकास निगम एंव महिला विकास निगम के अध्यक्ष टेक चंद डोगरा ने ईद अल जुहा के अवसर पर प्रदेश में संप्रदाय के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पर्व हमें आपसी भाईचारे और समाजिक सौहार्द की सीख देते हैं।