कुल्लू
मन में कुछ कर गुजरने की चाह हो तो बर्फीले पहाड़ों की सफेद चादर पर भी नंगे पांव मंजिल पाई जा सकती है। ऐसा ही भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था रखने वाली आनी उपमंडल के बागी की रहने वाली 22 वर्षीय ईशानी ने कर दिखाया है। आप यह जानकर बेहद ही हैरान हो जाएंगे कि जहां पहुंचने के लिए बड़े बड़ों के पसीने छूट जाते हैं, वहीं एक बाला ने बर्फ की सफेद चादर पर 18,570 फीट की ऊंचाई नाप डाली।
निरमंड खंड में स्थित श्रीखंड महादेव के बर्फीले रास्ते ईशानी के हौंसले के आगे बौने साबित हो गए। 13 जुलाई को घर से नंगे पांव निकली थी। 17 जुलाई को घर लौटी। लगभग 11 से 14 घंटे नंगे पांव बर्फ पर बिताए। 2017 व 2018 में भी ईशानी ऐसा कर चुकी है। सनद रहे कि लगभग 35 किलोमीटर की पैदल यात्रा को बेहद ही चुनौतीपूर्ण व कठिन माना जाता है। पार्वती बाग से श्रीखंड तक लगभग 4 घंटों की सीधी चढ़ाई सांस फुला देने वाली होती है।
ऐसे मिली प्रेरणा….
ईशानी ने मीडिया को बताया कि श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए उनके घर के समीप से ही श्रद्धालु गुजरते थे। शुरू से ही उनके मन में यात्रा पर जाने का विचार कौंधा था। 2016 में परिवार ने उसे नंगे पांव जाने की अनुमति नहीं दी। फिर 2017 में अपनी जिद पर अकेले ही नंगे पांव यात्रा पर निकल गई। 2018 में भी पार्वती बाग से अकेले ही नंगे पांव गई थी। ईशानी ने युवाओं को संदेश देते हुए यह भी कहा है कि यात्रा पर सच्चे मन से निकले। सैर सपाटे के मन से न जाएं।