शिमला (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मध्य हिमालयन जलागम विकास परियोजना (एमएचडब्ल्यूडीपी) के अंर्तगत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 600 करोड़ रुपए की लागत से विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इस परियोजना से प्रदेश के 10 जिलों की 710 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं।
परियोजना के तहत जन, जल, जंगल, जमीन एवं पालतु जानवरों के विकास के अतिरिक्त समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने व आर्थिकी सुदृढ़ करने के अवसर प्रदान करने पर पर बल दिया जा रहा है।
केवल सिंह पठानिया आज यहां आयोजित मध्य हिमालयन जलागम विकास परियोजना की प्रचार समिति की प्रथम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में परियोजना के अंर्तगत किए जा रहे विकासात्मक कार्यों बारे विस्तृत चर्चा की गई।
पठानिया ने कहा कि बैठक में मध्य हिमालयन जलागम विकास परियोजना के तहत किए जा रहे विकासात्मक कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्णय लिया गया।
इसके तहत विकासात्मक कार्यों का प्रदर्शनियों, प्रेसवार्ता, रेडियोवार्ता व दूरदर्शन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों व अन्य संस्थाओं द्वारा विकासात्मक कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
बैठक में जिला परिपद चम्बा के अध्यक्ष अमित भरमौरी, जिला परिषद् सदस्य, अनूप रत्न, हितेंद्र ठाकुर व नवनीत डोगरा, मुख्य परियोजना अधिकारी अवतार सिंह व डॉ. पवनेश, परियोजना अधिकारी, धर्मशाला व बिलासपुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।