शिमला (एमबीएम न्यूज) : भ्रष्टाचार के दलदल में धंस चुकी वीरभद्र सरकार की काली करतूतों का चिट्ठा चार्जशीट के जरिए प्रत्येक मंडल स्तर पर तैयार किया जाएगा। इसी तरह जिला व प्रदेश स्तर पर भी इस तरह की एक चार्जशीट बनाई जाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज ने पत्रकार बार्ता में कहा कि भाजपा जल्द प्रदेश में वीरभद्र हटाओ प्रदेश बचाओ के नारे से जनआंदोलन शुरू करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर कांग्रेसमुक्त भारत का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के चलते नैतिकता की सारी सीमाएं लांघ चुकी है और उसे अब सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा चंबा में दिए गए उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को देश के लिए खतरा बताया था। भारद्वाज ने कहा कि छह बार मुख्यमंत्री रह चुके व्यक्ति को इस तरह की बयानबाजी करना शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर अब तक भाजपा ने देश की एकता व अखण्डता के लिए सर्वस्व न्यौझावर किया है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के अपने मामलों से ध्यान हटाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही है, लोगों को गुमराह करने के लिए केवल मात्र घोषणाएं की जा रही हैं। केवल रिटायर और टायर लोग सरकार को चला रहे हैं। मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें बार-बार कैबिनेट मीटिंगें बुलाकर अपने समर्थन में प्रस्ताव क्यों पारित कराने पड़ रहे हैं?