मंडी (वी कुमार) : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार पर जनता के साथ किये वायदों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। मंडी में सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि आज देश के हालात बिगड़ रहे हैं और 56 इंच का सीना बताने वाले खामोश बैठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान देश की जनता के साथ बहुत बड़ा छल किया। झूठे प्रलोभन देकर सत्ता हथियाई और भाजपा की विशुद्ध सरकार केंद्र में बनी, लेकिन आज केंद्र में सरकार बनाने के बाद भी भाजपा अपने चुनावी वायदों को पूरा नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज देश में दलितों के साथ अत्याचार हो रहे हैं और कश्मीर जल रहा है लेकिन विपक्ष में बैठकर चीखने वाले भाजपा नेता और सत्ता में होने पर भी खामोश हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इन्हीं जनविरोधी नीतियों के चलते प्रदेश कांग्रेस ने मोदी के बोल जुमलों के ढोल कार्यक्रम चलाया हुआ है। सुखविंदर सिंह ठाकुर ने प्रसन्नता जाहीर करते हुए कहा कि वह इस कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं तक केंद्र सरकार के झूठे वायदों को पहुंचाने में कामयाब हुए हैं।
प्रदेश की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल के जबाव में सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा बीते साढ़े तीन वर्षों से सत्ता में आने का सपना देख रही है जोकि पूरा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार विपक्ष का रवैया बिल्कुल ही नकारात्मक है और विपक्ष किसी न किसी बहाने सत्ता हथियाने की सोच रहा है। आए दिन कभी विधानसभा से वाकआउट किया जाता है तो कभी अनाप शनाप आरोप लगाये जाते हैं।
सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा को जनहित की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में जब भी चुनाव होंगे तो प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ही सरकार बनेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से किसानों के बारे में बनाई जा रही नीति के बारे में सुक्खू ने बताया कि पार्टी सभी किसानों के लिए एक नीति चाह रही है।
उन्होंने बताया कि आम और सेब को सरकार की तरफ से स्पोर्ट प्राईस दिया जाता है जबकि पार्टी यह स्पोर्ट प्राइस सभी किसानों को दिलवाने पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी इस पर नीति बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और जल्द ही इस बारे में प्रदेश के मुखिया सीएम वीरभद्र सिंह से बात की जाएगी।