मंडी (वी.कुमार) : प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बल्ह विधानसभा से ताल्लुक रखने वाले संजीव गुलेरिया को प्रदेश सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। अपनी नियुक्ति के लिए गुलेरिया ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का धन्यवाद किया है।
मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव संजीव गुलेरिया ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने जो जिम्मेदारी उन्हे दी है उसका वे पूरी कर्मठता से निर्वहन करेंगें। सचिव ने बताया कि वह पार्टी के बताए दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे और बूथ स्तर पर जाकर पार्टी की गतिविधियों और कार्यों के बारें में लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेगे। सचिव ने बताया कि हिमाचल में सरकार को दोबारा से लाने में पार्टी के साथ ज्यादा से ज्यादा युवा शक्ति को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
आपको बता दें कि संजीव गुलेरिया इससे पूर्व पंजाब के इंदौरा में कांग्रेस के प्रभारी भी रह चुके हैं और वर्तमान में कुल्लू के बंजार विधानसभा में भी पार्टी प्रभारी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आगामी कार्यक्रम के बारे में गुलेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाली 27 – 28 जून को प्रत्येक जिला में बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा और केंद्र की वर्तमान मोदी सरकार की कारगुजारियों से जनता को रूबरू करवाया जाएगा और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी कार्यकर्ताओं और आम जनता को जानकारी दी जाएगी।
गुलेरिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगभग 30 वर्षों के बाद बल्ह में किसी को इस पद की जिम्मेदारी दी गई है जो कि बल्ह वासियों के लिए हर्ष की बात है।