सोलन (एमबीएम न्यूज़): भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवा भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कभी भी चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में काबिज कांग्रेस पार्टी की सरकार पांच साल पूर्ण नहीं कर पाएगी। प्रदेश सरकार अपने ही बोझ से गिर जाएगी और यहां मध्यवर्ती चुनाव होना तय है। यह दावा भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को सोलन में पत्रकारवार्ता के दौरान किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ अपनी कुर्सी की फिक्र है। प्रदेश की जनता के प्रति उनकी संवेदनाएं क्षीण हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में देवभूमि से विख्यात हिमाचल प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। सरकार की प्रशासनिक ढांचे पर पकड़ दिनोंदिन कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी की सरकार सत्ता में आई थी, प्रदेश की वीरभद्र सिंह सरकार उन मुद्दों से पूरी तरह से भटक चुकी है।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई शहर व कस्बा नहीं है, जहां पेयजल को लेकर त्राहि-त्राहि नहीं मची हो। उन्होंने सोलन का जिक्र करते हुए कहा कि यहां भी पेयजल संकट ने विकराल रूप लिया हुआ है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार यहां की जनता की प्यास को बूझा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लगातार फंसते जा रहे हैं तथा वह कभी भी कानून के शिकंजे में आ सकते हैं।
इस दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनहित में आरंभ की गई योजनाओं को बखान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हैं। देश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए स्किल इंडिया, जन-धन योजना सहित कई लाभकारी योजनाएं सरकार ने चलाई हैं। जिससे देश का हर वर्ग विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई ऐसी योजनाओं को शुरू किया है,जिससे देश का कद विदेशों में भी उच्चा हुआ है।