ऊना : पंजाब रेजिमेंट सेंटर द्वारा 7 नवंबर को डीएससी में पूर्व सैनिकों की भर्ती हेतु भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी उपनिदेशक, सैनिक कल्याण मेजर रघबीर सिंह ने देते हुए बताया कि भर्ती में भाग लेने के लिए भूतपूर्व सैनिकों को 6 नवंबर को रेजीमेंट सेंटर में रिपोर्ट करना होगा। उन्होंने बताया कि पंजाब रेजीमेंट के सेवानिवृत जवान (सैनिक सामान्य डियूटी/लिपिक), जिनकी आयु 46 वर्ष से कम हो व जिन्हे पेंशन पर गए हुए अभी 2 वर्ष से कम समय हुआ हो, इस भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भर्ती में भाग लेने के लिए आवेदक अपने साथ आर्मी व सिविल के प्रमाण पत्र, आर्मी डिस्चार्ज बुक और 16 पासपोर्ट साइज फोटो साथ ले जाएं। इसके अलावा यदि कोई कृत्रिम दांत अथवा चश्मा प्रयोग करता हो तो वे भी साथ ले जाने होंगे।
उन्होंने कहा कि भर्ती रैली में भाग लेने के लिए आवेदक का चरित्र सराहनीय या बहुत अच्छा हो, उसका डिस्चार्ज आर्मी रूल 13 (3) आइटम थर्ड (फिफ्थ) के तहत न हुआ हो, प्रार्थी को सेना से अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत बर्खास्त न किया हो, सेना में पूरे सेवा काल के दौरान दो से ज्यादा और आखिरी पांच सालों में एक से ज्यादा रेड इंक एंट्री नहीं होनी चाहिए व आखिरी पांच सालों में एए 48 में रेड इंक एंट्री नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रार्थी की पेंशन जाते समय मेडिकल स्थिति ऐ वाय ई या शेप-। होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती से संबंधित अन्य व विस्तृत जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।