नाहन (एमबीएम न्यूज): करीब 40 साल के पंडित देवदर्शन के निधन से सैनधार, ददाहू व संगड़ाह इलाके स्तब्ध हैं। सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास पंडित देवदर्शन के निधन की खबर फैली, लेकिन कोई भी विश्वास नहीं कर रहा था। रेणुका भाजपा किसान मोर्चे के अध्यक्ष पंडित देवदर्शन शर्मा को एक बार बीडीसी के अध्यक्ष पद की कुर्सी भी मिली थी।
अपने पंडिताई के पेशे की वजह से हर किसी के दिल में जगह बना रखी थी। घटनास्थल से जब उनका शव ददाहू पोस्टमार्टम के लिए लाया गया तो सैंकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। निधन की खबर की जानकारी लोग सुबह से ही एक-दूसरे से लेने में लगे रहे। पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा ने कहा कि पंडित देवदर्शन न केवल अपने स्वभाव, बल्कि हंसमुख प्रवृति की वजह से लोगों के दिल में जगह रखते थे। उन्होंने कहा कि अल्प राजनीतिक कैरियर में भी पंडित देवदर्शन ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की।
वहीं भाजपा विधायक डॉ. राजीव बिंदल, सुरेश कश्यप व बलदेव तोमर के अलावा रेणुका भाजपा नेता प्रताप सिंह रावत व पूर्व विधायक हिरदा राम चौहान आदि ने भी गहरा शोक प्रकट किया है। पंडित देवदर्शन अपने पीछे तीन बेटियां व एक बेटा छोड़ गए हैं। संगड़ाह से लौटते वक्त आज सुबह पंडित देवदर्शन शर्मा जिस कार में सवार थे, वह कार करीब 1000 मीटर गहरी खाई में लुढक़ गई थी। मूलत: कमलाड़ के रहने वाले पंडित देवदर्शन शर्मा के आकस्मिक निधन पर पूरा इलाका गमगीन है।