हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : बकरेड़ी पंचायत के अन्तर्गत वार्ड संख्या 5 के ग्रामवासियों के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन था। जब प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनके घरद्वार पर दस्तक दी। खेती-बाड़ी को लेकर बातचीत की और गांव में स्वच्छता अभियान को आरम्भ किया। राज्यपाल अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान शुक्रवार को हमीरपुर पहुंचे।
बड़सर मे एक कार्यक्रम के पश्चात् राज्यपाल ने गांव के दौरे की इच्छा जाहिर की। वह बकरेड़ी पंचायत पहंचे और वार्ड का दौरा किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि लोगों ने अपने आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता का पूर्ण ध्यान रखा है। वार्ड स्तर पर हुए विकास कार्यों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की।
इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर गली में स्वच्छता अभियान शुरू किया और लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनकर वार्ड की पूर्ण स्वच्छता की शपथ दिलाई। लोगों से बातचीत में उन्होंने प्राकृतिक कृषि को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसान केवल विभागीय स्तर पर ही अपनी खेती के लिए निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं प्रयोग करें और विशेषकर रसायनिक खादों का उपयोग न कर प्राकृतिक कृषि को अपनाएं।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह क्षेत्र कृषि के हिसाब से उपयुक्त है और किसानों के प्रयासों से यहां आर्थिकी में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने किसानो से भारतीय नस्ल की गायों के पालन का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नस्ल की गाय के गोबर में सूक्ष्म जीवाणु बनाने की अद्भुत क्षमता है, जो मिट्टी की उपजाउ शक्ति को गई गुणा बढ़ा देता है।
मुख्य संसदीय सचिव इंद्रदत्त लखनपाल, पुलिस अधीक्षक अजय बोध, एडीएम रूपाली ठाकुर तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।