शिमला ( एमबीएम न्यूज़ ): परिवहन मंत्री जीएस बाली के आश्वासन के अनुरूप निगम ने अपने पेंशनरों को पेंशन की अदायगी के लिये 19.26 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। यह राशि निगम के 4922 पेंशनरों को दिसम्बर, 2016 तथा जनवरी, 2017 दो माह की पेंशन प्रदान करने के लिए जारी की गई है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के एक प्रवक्ता ने आज इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि निगम समय-समय पर अपने कर्मियों को उनके सेवा लाभ प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम ने करोड़ों रूपये की पिछली देनदारियों को निपटा कर अपने कर्मियों को उनके देय लाभों से कभी वंचित नहीं रखा। उन्होंने कहा कि कर्मियों की मेहनत के कारण ही पिछले चार वर्षो के दौरान निगम के राजस्व में लगातार वृद्धि हुई है।
केएमपीएल में बढ़ौतरी एवं सुधार से निगम ने अच्छा राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि निगम के बेड़े में हजारों नई सुविधाजनक बसें जोड़ी गई है, जिससे लोगों में पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने की विश्वसनीयता बढ़ी है और आरामदायी एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा सुनिश्चित बनाई गई है।