हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : 1990 से भाजपा के दिवंगत नेता आईडी धीमान भोरंज सीट पर चुनाव नहीं हारे। मतलब साफ है, भाजपा का परंपरागत गढ़ है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की गृह पंचायत समीरपुर भी इसी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ऐसे में विधानसभा चुनावों से पहले इस सीट पर कांग्रेस कैसे सेंध लगाएगी, यह काफी चुनौतीपूर्ण होगा।
उधर परेशानी यह है कि कांग्रेस सरकार व संगठन के बीच कुछ समय से खटास घटने की बजाय बढ़ी है। हालांकि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू का भी नाता हमीरपुर से ही है। अब इस चुनाव को जीतने के लिए क्या मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू साथ-साथ चलेंगे या नहीं, इस बात पर नजरें टिकी हैं। इस उप चुनाव का असर आने वाले विधानसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है।
वीरवार को उप चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही अंकगणित बनने लगा है। जहां तक कांग्रेस व भाजपा के उम्मीदवारों का सवाल है तो भाजपा के खेमे से खबर यह आई है कि दिवंगत धीमान के बेटे को ही टिकट दिया जाए। यह अलग बात है कि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है। पहले दिन कांग्रेस से प्रेम कौशल का नाम सामने आया है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 36 भोरंज अनुसूचित जाति विधानसभा क्षेत्र की उपचुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर मदन चौहान ने देते हुए बताया कि नामांकन पत्र भरने के लिए अंतिम तिथि 21 मार्च निर्धारित की गई है जबकि 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
इसी प्रकार 24 मार्च को नाम वापस लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को मतदान होगा तथा 13 अप्रैल को मतों की गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 73485 मतदाता हैं जिनमें से 35642 पुरुष तथा 37843 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंग। इसी प्रकार 2234 सर्विस वोटर हैं जिनमें से 362 महिला सर्विस मतदाता है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 99 पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे। जिनमें 12 अति संवेदनशील सात सवेदनशील तथा तथा 80 सामान्य मतदाता मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रुप से उप चुनाव को संपन्न करवाने के लिए पुलिस कर्मचारियों के अतिरिक्त 500 विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, 9 सेक्टर ऑफिसर तथा 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाएगी।