नाहन (एमबीएम न्यूज): महिला की चुन्नी से ही गला घोंटने की कोशिश की गई। नशे की हालत में पीडि़ता को न केवल जान से मारने की धमकी दी गई, बल्कि अश्लील हरकतों को भी अंजाम दिया गया। मामला सराहां थाने से जुड़ा हुआ है। आईपीसी की धारा-354ए, 354डी, 323, 506 व 509 के तहत सहनोल निवासी मुन्नी लाल के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पीडि़त महिला किरण ने मामला दर्ज करवाया है।
20 फरवरी की शाम साढ़े 6 बजे अपनी बहन की शादी से सोलन-बनी बखौली बस में घर जा रही थी। बस से उतरने पर आरोपी मुन्नी लाल भी साथ ही स्टॉप पर उतरा। जब वह घर के रास्ते पर थी तो शराब के नशे में मुन्नी लाल उसके पीछे आ गया। छेडख़ानी व गाली गलौच करने लगा। इसी दौरान उसी की चुन्नी से गला दबा कर मारने की कोशिश की। इसी बीच उसके गले पर भी चोट आई है।
महिला का आरोप यह है कि घटना के दौरान मुन्नी लाल कान की सोने की बाली, कपड़े का सूट व चांदी का मंगलसूत्र भी ले गया। वारदात के दौरान घर में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।