ऊना (एमबीएम न्यूज़) : दौलतपुर क्षेत्र के गांव मवा कहोलां स्थित जंगल में युवक की लाश पेड़ से लटकती मिली है। मृतक की पहचान अंब उपमंडल के तहत पड़ते नैहरियां के समीपवर्ती गांव पतेहड़ निवासी 36 वर्षीय रविंद्र सिंह के रूप में की गई है। मृतक के मवा कहोलां में ससुराल हैं। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल ऊना भेज दिया है।
घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक मवा कहोलां के जंगल में सुबह 11 बजे कुछ महिलाएं भंडारे के लिए जा रही थी। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटकती हुई लाश पर पड़ी। महिलाओं ने लाश देखकर शोर मचाया और ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी, दौलतपुर चौक पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुचे और लाश को कब्जे में लिया। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान 36 वर्षीय रविंद्र सिंह निवासी पतेहड़ नैहरियां के रूप में की। कबिले गौर है कि रविंद्र सिंह के ससुराल इसी गांव में है और वह लुधियाना में किसी फैक्टरी में कार्यरत था। वह 25 जनवरी से यहां अपने ससुराल में नियमित रूप से आ-जा रहा था।
डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।