नाहन (एमबीएम न्यूज) : बर्मापापडी पंचायत वार्ड सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल वीरवार को डीसी सिरमौर बीसी बडालिया से मिला। पंचायत सदस्यों ने डीसी को पंचायत प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। वार्ड सदस्यों ने बताया कि पंचायत प्रधान बैठक एवं अन्य पंचायत संबंधित कार्यों में अपनी मनमानी कर रही है। इससे पंचायत के कार्य ठप्प हो गए हैं। वार्ड सदस्यों ने प्रधान के ऊपर विकास कार्य करवाने के लिए कार्य का 12 फीसदी कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा पंचायत प्रधान ने अपनी मर्जी से बीपीएल सूची से लोगों के नाम काट कर अन्य लोगों को लिस्ट में दर्ज कर दिए हैं।
अविश्वास प्रस्ताव में पंचायत के 9 वार्ड में से 7 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। वार्ड सदस्य राजकुमार, सुरेश कुमार, नरेश, रेखा देवी, निशा देवी, ऊमा देवी व उर्मिला देवी ने बताया कि गत एक वर्ष के भीतर पंचायत प्रधान से विकास के बारे में कई बार बात की गई है। मगर हर बार बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने बताया कि बीपीएल सूची से लोगों के नाम काटने के लिए प्रधान ने किसी भी वार्ड सदस्य से सहमति नहीं ली है। इसके अलावा विकास कार्य करवाने के लिए 12 फीसदी कमीशन मांगना शर्मनाक है। कमीशन न देने पर वार्ड सदस्यों को प्रताडि़त किया जा रहा है। पंचायत प्रधान ने वार्ड सदस्य के कार्य के लिए मंजूर बजट से अन्य ठेकेदार के नाम पर 14 हजार रुपए निकाल लिए हैं। अब प्रधान यह राशि लौटाने से इंकार कर रही है। इससे वार्ड सदस्य को कार्य के लिए लोगों को भुगतान करना कठिन हो रहा है।
वार्ड सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत प्रधान द्वारा कार्यों में भी मनमानी की जा रही है। प्रधान ने एक वार्ड सदस्य के कार्य से 30 बैग सीमेंट लिए थे। सीमेंट के बैग वापिस मांगने पर प्रधान वार्ड सदस्य को कार्य छीनने की धमकी दे रही है। वार्ड सदस्यों ने बताया कि प्रधान द्वारा अपनाए जा रहे इस तरह के रवैये से विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इससे पहले भी प्रधान के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में गलत तरीके से ग्राम सभा करवाने पर मामला दर्ज हो चुका है। इसके बाद भी उसके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है। वार्ड सदस्यों ने डीसी से मांग की है कि पंचायत प्रतिनिधि के पद की गरिमा को बनाए रखने के लिए जांच कर प्रधान के ऊपर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पंचायत में विकासकार्य हो सकें।