पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज) : बीजेपी मंडल ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर हर्ष गोयल को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी के चिन्ह के गलत इस्तेमाल को अनुशासनहीनता पाया गया है। मंगलवार को विश्रामगृह में भाजपा मंडल की बैठक हुई। बीजेपी के जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी का पांवटा साहिब गृह निर्वाचन क्षेत्र है।
एक अरसे से हर्ष गोयल के बगावती तेवर सामने आ रहे थे। ऐन चुनाव के वक्त कोई नुकसान न हो, लिहाजा चौधरी की टीम ने समय रहते ही हर्ष गोयल को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बैठक में पारित प्रस्ताव को आला नेतृत्व को भी भेजने का फैसला लिया गया है। निष्कासित पार्टी नेता हर्ष गोयल भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।
उधर निलंबन के बाद हर्ष गोयल ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी को चुनौती भी दे डाली है। साथ ही चुनाव लडऩे का भी ऐलान किया है। गोयल ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी तीसरे स्थान पर रहेगी। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से सवाल किया कि जिन्होंने 2012 के चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियां की थी, उनके खिलाफ कोई निर्णय अब तक नहीं लिया जा सका है। समय पर तमाम लोगों का खुलासा कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि सुखराम चौधरी के खिलाफ हैं। जिनके झूठे वायदों से पार्टी लगातार कमजोर हो रही है। उधर भाजपा ने हर्ष गोयल के निलंबन को लेकर फिलहाल कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।