नाहन (एमबीएम न्यूज) : मुख्यमंत्री वीरभद्र जी आप छठीं बार प्रदेश का नेतृत्व कर रहे है। आपको जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों से खुद भी शर्म आनी चाहिए। कोई भी कारोबार छोटा या बडा नहीं होता। यह बात शुक्रवार शाम सर्किट हाऊस में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश प्रवक्ता व विधायक डा0 राजीव बिंदल ने कही। डा0 बिंदल ने कहा कि कांगडा प्रवास के दौरान भाजपा विधायक पर की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। अन्यथा इसके गंभीर नतीजों को भुगतने के लिए तैयार रहना पडेगा।
दीगर है कि बनखंडी की जनसभा में सीएम ने देहरा के विधायक रविंद्र रवि को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह जानते है कि वह (रविंद्र रवि) पालमपुर के एक खोखे में गार्मेंटस बेचा करते थे। आज अमीर हो गए है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में आतंकी घुस रहे है, कानून व्यवसथा के साथ-साथ विकास ठप्प है। लेकिन मुख्यमंत्री तमाम बातों से ध्यान हटाकर जन प्रतिनिधियों के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे है।
बिंदल ने कहा कि खुद मुख्यमंत्री एक घटिया राजनीति के घोतक बन गए है। इससे राजनीति में एक गलत परंपरा शुरू हो जाएगी। पत्रकारवार्ता में भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। गौरतलब है कि भाजपा विधायक रविंद्र रवि पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित माना जा रहा हंै।