मनाली (एमबीएम न्यूज) : अंर्तराष्ट्रीय पर्यटन नगरी को शुक्रवार सुबह बर्फ के फोहों की सौगात मिली। आंशिक हिमपात से पर्यटकों के चेहरे खिल गए। बर्फ की सौगात मिलते ही सैलानी अपने होटलों से बाहर निकल आए। हालांकि बर्फ के फोहे अधिक देर तक नहीं टिक पाए। लेकिन बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है।
नगरी में विंटर कार्निवाल की धूम भी मची हुई है। इसी के साथ अगर सैलानियों को बर्फ की सौगात भी मिल जाए तो सोने पर सुहागा हो जाएगा। सोलंगनाला व रोहतांग में भी ताजा हिमपात की सूचना है। जनजातीय लाहौल घाटी में भी ताजा हिमपात से शीतलहर महसूस की जा रही है।
उधर भरमौर में भी बर्फबारी की खबर है। मोटी जानकारी के मुताबिक 2 सेंटीमीटर के आसपास बर्फ पडी है। जबकि निचले ईलाकों में बारिश जारी है।