सोलन (एमबीएम न्यूज़) : डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में वानिकी महाविद्यालय के वन उत्पाद विभाग की कामिनी गौत्तम ने कृषि अनुसंधान सेवा परीक्षा 2016 उत्तीर्ण की। कृषि मंत्रालय के कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड द्वारा कृषि अनुसंधान सेवा परीक्षा हर वर्ष आयोजित की जाती है। इसके माध्यम से संबंधित विषयों में पहले प्रारंभिक परीक्षा फिर मुख्य परीक्षा देते हैं, तत्पश्चात् साक्षात्कार होते हैं।
इन्हीं के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। बताते चले कि कामिनी ने इसी विश्वविद्यालय से बीएससी, एमएससी व पीएचडी वानिकी में, औषधीय एवं सुगंधित पौधें पर की है। यह विश्वविद्यालय के लिए बड़े गौरव की बात है कि कृषि अनुसंधान सेवा-2016, जिसमें राष्ट्र स्तर पर सामान्य वर्ग में एक ही पद था पर कामिनी ने सफलता हासिल की। कामिनी ने पीएचडी डा. रविंद्र रैना के मार्गदर्शन में की। कामिनी मूल रूप से जिला सोलन के अर्की निर्वाचन क्षेत्र के दाड़लाघाट की रहने वाली है।
इनके पिता वन विभाग हिमाचल प्रदेश में रेंज ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। डा. कामिनी की इस उपलब्धि से जहां उसके घर पर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है, वहीं उन्हें बधाई देने वालों का भी तांता लगा हुआ है। कामिनी ने पूरे देश में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ जिला सोलन का मान बढ़ाया है। डॉ. वाईएस परमार यूनिवर्सिटी नौणी के वानिकी महावद्यिालय के डीन डॉ. पवन कुमार महाजन ने कामिनी को इस मुकाम को हासिल करने के लिए बधाई दी है।
उधर विश्वविद्यालय के कुलपति डा.हरिचंद्र शर्मा ने कामिनी को इस उपलब्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दी तथा उज्जवल भविष्य की कामना की है।