नाहन (एमबीएम न्यूज) : भाजपा किसान मोर्चा के फील्ड मार्शल प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किसानों के दम पर चुनाव जीतने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया है। भाजपा किसान मोर्चा के अनुसार फरवरी, 2017 तक पूरे प्रदेश में भाजपा किसान मोर्चा के टीम के 37 हजार किसान प्रहरी तैयार होंगे। प्रैसवार्ता में जानकारी देते हुए बलदेव भंडारी ने बताया कि किसान मोर्चा प्रदेश के कुल 7 हजार 479 बूथों पर प्रति पांच किसान प्रहरी नियुक्त किये जाएंगे। जिसके लिए प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा ने शैड्यूल तय कर दिया है।
उन्होंने कहा कि 11 से 20 दिसंबर तक किसान मोर्चा के मंडलों की बैठकें होंगी। 21 दिसंबर से पूरा एक महीने तक मोर्चा के पदाधिकारी हर बूथ पर जाएंगे। हर बूथ पर इस दौरान पांच किसान प्रहरी नियुक्त किए जाएंगे। 21 जनवरी से 30 जनवरी तक किसान प्रहरियों के नाम व पतों को संकलित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फरवरी माह में जिला व मंडलों के पदाधिकारी सभी बूथों से नियुक्त किए गए किसान प्रहरियों की जांच करेंगे। इसके बाद प्रदेश में 37 हजार के करीब किसान प्रहरी बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च माह में जिला स्तर पर प्रदेश में अभ्यास वर्क आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिला की कार्यकारिणी के अलावा किसान मोर्चा मंडलों के अध्यक्ष शामिल होंगे।
भंडारी ने कहा कि बैठकों में किसान को केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मई व जून माह में प्रदेश में बूथ प्रहरियों का एक विशाल सम्मेलन राष्ट्रीय स्तर का होगा। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारी सक्रिय रुप से लक्ष्य को पूरा करेंगे। बलदेव भंडारी ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी व निकम्मी सरकार करार देते हुए बताया कि हॉर्टिकल्चर प्रोजैक्ट के तहत केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों के लिए 1170 करोड़ रुपया भेजा गया है। मगर सरकार केवल अपने चहेतों को ही इस योजना का लाभ दे रही है।
केंद्र सरकार द्वारा फल बीमा योजना प्रदेश हित के लिए चलाई गई है मगर इसमें भी भेदभाव रखा गया है। इस योजना को मंडल स्तर पर लाकर केवल एक फसल का ही बीमा दिया जा रहा है। जबकि केंद्र ने इस योजना को पूरे प्रदेश स्तर के लिए जारी किया है। जिसमें कई फसलों को शामिल किया गया है। कृषि सिंचाई योजना का पैसा अलाट हो चुका है, मगर प्रदेश सरकार ने निकम्मेपन की सभी हदों को लांघते हुए अभी तक इस योजना के लिए कोई भी फार्मेलिटी पूरी नहीं की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की अनदेखी से बाज आए व जो योजनाएं केंद्र द्वारा प्रदेश के किसानों के हितों में लागू की गई हैं, उन्हें जल्द से जल्द किसानों तक पहुंचाएं, अन्यथा प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा जल्द ही उग्र आंदोलन कर सरकार की ईंट से ईंट बजाएगा।
इस मौके पर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी, जिला महामंत्री संजीव शर्मा, कमल शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशा तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामगोपाल, सचिव राजेश ठाकुर, नारायण दत्त, जगत कनियाल, संदीप, मीडिया प्रभारी नवीन शर्मा, सूर्य प्रकाश, कुलानंद शर्मा, गीताराम, गुलाब सिंह, कुलदीप भंडारी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।