नेरचौक (कपिल सेन): बल्ह क्षेत्र के लोहारा गांव से संबंध रखने वाली वत्सला चौधरी न्यायिक परीक्षा पास कर सिविल जज के लिए चयनित हुई है। प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सिविल जज के पदों के लिए आयोजित की गई परीक्षा में वत्सला चौधरी ने इस उपलब्धि काे हासिल कर बल्ह क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके साथ-साथ वत्सला चौधरी ने बल्ह क्षेत्र से पहली महिला जज होने का गौरव भी हासिल किया है।
दूसरे प्रयास में मिली सफलता
वत्सला चौधरी ने सिविल जज की परीक्षा दूसरे अटेंप्ट में पास की है। 26 वर्षीय वत्सला ने बताया कि जज बनने की प्रेरणा अपने पिता जस्टिस धर्मचंद चौधरी से मिली। आईईटी लखनऊ से इलेक्ट्रोनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक करने के बाद पंजाब युनिवर्सिटी से 2015 में एलएलबी की परीक्षा पास कर 2016 में सिविज जज के पद के लिए चयन हुआ है। सिविल जज के पद के लिए चयनित वत्सला चौधरी का जन्म बल्ह क्षेत्र के लुहारा गांव में प्रोमिला चौधरी व हाईकोर्ट के न्यायधीश धर्मचंद चौधरी के घर हुआ है।
गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
सिविल जज की परीक्षा पास करने के बाद वत्सला चौधरी का रविवार के दिन लोहारा गांव में गांववासियों ने भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह सेवानिवृत डीएसपी प्रेम सिंह की अगुवाई में आयोजित किया गया। इस उपलब्धि के लेकर प्रेम सिंह ने बताया कि बल्ह की इस बेटी ने अपने पिता के समान बल्ह का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है। बल्ह से पहली महिला जज बनने का गौरव हासिल करने वाली वत्सला चौधरी यहां की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
स्वागत समारोह में पुष्पराज पांडे, नागेश शर्मा, गोपाल सैणी, सतीश ठाकुर, प्रशांत चौधरी, धर्म सिंह सैणी विशेष रूप से उपस्थित रहे।