नाहन (एमबीएम न्यूज) : कालाअंब पुलिस ने संगीन आरोपों को लेकर बर्मापापड़ी पंचायत प्रधान रीता व सचिव हरमेश ठाकुर के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आपराधिक मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया है।
इसमें राजकुमार पुत्र चमेल सिंह निवासी बर्मापापड़ी शिकायतकर्ता है। हालांकि आरोपों को लेकर कई अहम खुलासे बाद में होंगे, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में यह पता चला है कि बगैर शपथ के ग्रामसभा आयोजित हुई। इसके बाद बीपीएल सूची में हेराफेरी कर दी गई। साथ ही पूर्व पंचायत प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर भी करने का आरोप है।
सूत्रों का कहना है कि खंड विकास अधिकारी द्वारा भी इस मामले में जांच की गई थी। इसके बाद ग्राम सभा के प्रस्ताव निरस्त कर दिए गए थे। हाल ही में शिकायतकर्ता राजकुमार ने कोर्ट में एफआईआर दर्ज करवाने को लेकर गुहार लगाई थी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस की जांच में आरोप साबित होने की सूरत में ही गिरफ्तारियां संभव हो सकती हैं। पुलिस को जांच में खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट भी मददगार हो सकती है।
उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।