सोलन (एमबीएम न्यूज़) : एलआर इंस्टीच्यूट वर्करज यूनियन के सदस्यों ने सोलन के श्रम अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। संघर्षरत कर्मचारियों के साथ श्रम विभाग के अधिकारियों ने कोई बात नहीं की। उधर यूनियन के नेता ओम दत्त ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग के अधिकारी उक्त संस्थान के साथ मिले हुए हैं।
सोमवार को उक्त संस्थान के कर्मचारियों ने श्रम विभाग अधिकारी सोलन के कार्यालय के बाहर दो घंटे धरना दिया और नारेबाजी की। इसमें एलआर संस्थान से निकाले गए कर्मचारियों के अलावा सीटू के सदस्य शामिल हुए। धरने पर बैठे कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, वेतन स्लिप तथा मासिक वेतन नहीं मिल रहा है।
यूूनियन नेता ओम दत्त ने सीधा आरोप लगाया कि श्रम विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों से कोई बात नहीं की और कार्यालय छोड़कर बाहर चले गए। इससे संकेत मिलता है कि श्रम विभाग के अधिकारी संस्थान प्रशासन से मिले हुए है और कर्मचारियों के हकों को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
ओम दत्त शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को संघर्ष करते हुए पूरे 45 दिन का समय बीत गया है लेकिन सोलन का प्रशासन खामोश है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के कार्यालय सरकार को बंद कर देने चाहिए क्योंकि यह विभाग कर्मचारियों की समस्याएं हल नहीं करते है। उन्होंने कहा कि दो दिन बाद 30 नवंबर को श्रम विभाग अधिकारी के कार्यालय के बाहर दोबार धरना दिया जाएगा।