कुल्लू/ नालागढ़/पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): बंजार तहसील के भलाह गांव में प्रीतम सिंह पुत्र उत्तम देव का अढ़ाई मंजिला लकड़ी का मकान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही रेवती राम पुत्र देवा का लकड़ी का मकान भी जलकर खाक हुआ है। आग से प्रीतम सिंह को चार लाख व रेवती राम को पांच लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। आग की वजह दीपावली पर चलाए जा रहे पटाखे व आतिशबाजी बताया जा रहा है। लारजी फायर स्टेशन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने मौके पर दो अन्य मकानों को सुरक्षित बचाने में कामयाबी हासिल की।
उधर मनाली थाना के अंतर्गत गोंपा मार्ग पर राजेंद्र पाल के तीन मंजिला मकान ने अचानक ही आग पकड़ ली। हादसे में किराएदार चरणदास का सारा सामान जलकर राख हो गया। लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। कारणों का पता नहीं चल पाया है।
तीसरी घटना भी मनाली थाना के तहत हुई। ढोहरू नाला में दीपावली की राता डोली देवी पत्नी स्व. नानक चंद का लकड़ी का खोखा अचानक आग लगने से नष्ट हो गया। घास व लकड़ी के जल जाने की वजह से लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान आंका गया है।
चौथी घटना कुल्लू थाना के तहत हुई। आज सुबह 7 बजे के आसपास गांधीनगर में गोपाल पुत्र नारायणदास के कपड़े की दुकान में आग भडक़ उठी। इस कारण दुकान में रखे काफी मात्रा में कपड़े जलकर राख हो गए। कुल्लू से पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। समय पर आग पर काबू होने की वजह से अधिक नुकसान को भी टालने में सफलता मिली है। आग के कारणों व नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है। अलबत्ता पुलिस छानबीन कर रही है। तमाम आगजनी की घटनाओं में किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है।
उधर नालागढ़ से हमारे संवाददाता के मुताबिक दीपावली की रात आग लगने की 8 घटनाएं सामने आई हैं। इसमें विप्रो फैक्टरी में आग लगने के कारण लगभगा 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग पर दमकल विभाग के कर्मियों ने काबू पा लिया। इसके अलावा एक अन्य दवा फैक्टरी में भी आग लगी। यहां फैक्टरी प्रबंधन ने ही अपने स्तर पर आग पर काबू पा लिया। रेहडू, पंझेरा, झाड़माजरी में घास के ढेरों में आग लगी। अधिकतर मामलों में आग की वजह आतिशबाजी को ही माना जा रहा है।
वहीं पांवटा साहिब के मुख्य बाजार में गीता भवन के नजदीक विनोद कुमार गोयल पुत्र प्रेम चंद गोयल के कार्यालय व गोदाम में अचानक आग लग गई। अग्रिशमन विभाग को 11:10 बजे इसकी सूचना मिली। तत्काल मौके पर पहुंचे कर्मियों ने आग पर काबू कर लिया। हादसे में 5 हजार रुपए का नुकसान आंका गया है।