मंडी (वी कुमार) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी के पड्डल मैदान में होने वाली ऐतिहासिक रैली में प्रदेशभर के संत, महात्मा व पूर्व सैनिक शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली रैली के प्रभारी व सांसद रामस्वरुप शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पड्डल मैदान में संत, महात्माओं और पूर्व सैनिक बल, अर्धसैनिक बल के जवानों को बैठने की अलग व्यवस्था की गई है। साधु, संत, महात्मा व पूर्व सैनिक हजारों की तादात में रैली में पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि रैली से एक दिन पूर्व छोटी काशी के तमाम मंदिरों का श्रृंगार किया जाएगा तथा मंडी के तमाम मंदिरों व ऐतिहासिक स्थलों को रंग-बिरंगी लाईटों से सजाया जाएगा। इस रैली में बल्ह क्षेत्र से 15 हजार लोग शिरकत करेंगे, जिसके लिए बल्ह मंडल भाजपा अध्यक्ष हेमपाल राणा, भाजपा नेता इंद्र सिंह गांधी, बलदेव सैणी, महंत राम चौधरी, पूर्व मंडलाध्यक्ष संजय रावत, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंता शर्मा, महामंत्री रणवीर सिपहिया अपनी टीम के साथ पूरे क्षेत्र में प्रचार व प्रसार में जुट गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुनने के लिए लोगों में भारी उत्साह है तथा दलगत राजनीति से उपर उठकर लोग प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने आएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने अढ़ाई साल के कार्यकाल में देश को जो नई दिशा दी है उससे देश के नौजवानों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है तथा विश्व में भारत की ताकत बढ़ी है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व के विकसित देश भारत की ओर निगाहें लगाए हुए हैं तथा जो पड़ोसी देश पाकिस्तान हमेशा भारत को आंखें दिखाता था सेना ने अपने उत्साहित बल पर सर्जिकल स्ट्राईक करके उसकी आंख ही बंद कर दी है।
प्रधानमंत्री मंडी को अपने दौरे के दौरान अनेक बड़ी सौगातें प्रदान करेंगे, जिसका हिमाचल को इंतजार है। इससे पहले केंद्र सरकार के भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपने दौरे के दौरान प्रदेश को एनएच, फोरलेन और टनल निर्माण के लिए 60 हजार करोड़ की सौगात दी है, जबकि आयुष मंत्री ने भी हिमाचल को आयुर्वेदा के क्षेत्र में विशेष पैकेज देने की घोषणा की है।