मंडी (वी.कुमार) : अगर हिमाचल प्रदेश के दस हजार लोगों ने अपनी राय सहमति दे दी तो फिर प्रदेश की राजनीति में एक और क्षेत्रीय दल का उदय हो सकता है। जी हां, किसान बचाओ हिमाचल बचाओ अभियान के साथ जुड़े लोगों ने एक राजनीतिक दल बनाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मंडी में संपन्न हुए अभियान के राज्य सम्मेलन के दौरान लिया गया। सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में किसानों और बेरोजगारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई और यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश में एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल का गठन करके लोगों को स्वच्छ राजनीति का विकल्प दिया जाएगा।
अभियान के संयोजक देश राज शर्मा ने बताया कि अभियान के माध्यम से बीते करीब 3 वर्षों से प्रदेश के लोगों की समस्याओं को हर मंच पर उठाने का कार्य किया जा रहा है और अब इस कार्य को राजनीतिक दल के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सम्मेलन में आए हुए प्रतिनिधियों ने यह तय किया कि प्रदेश के लोगों से राजनीतिक विकल्प को लेकर बात की जाएगी और यदि 10 हजार लोगों ने अपनी सहमति जताई तो फिर इसके बाद क्षेत्रीय राजनीतिक का गठन किया जाएगा।
देश राज शर्मा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकारें किसानों और बेरोजगारों को लेकर कोई ठोस प्रयास नहीं कर रही हैं और इनकी समस्याएं दिनों दिन बढ़ती ही जा रही हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए एक राजनीतिक विकल्प तैयार करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।