पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज) : कफोटा के समीप जाखना में एक महिला की मौत की खबर सुबह आई थी। इसके बाद सनसनी फैल गई, क्योंकि हत्या की भी आशंका जाहिर की जा रही थी। दरअसल 27 वर्षीय महिला बाला देवी ने ससुराल की प्रताडऩा से तंग आकर पेड़ से लटककर जान दे दी। पूरा गांव प्रताडऩा की बात जानता था। यही बड़ी वजह रही कि हत्या की बात भी फैली।
घटनास्थल पर एसपी सौम्या सांबशिवन डीएसपी भीष्म ठाकुर व एसएचओ अशोक चौहान के पहुंचने के बाद इस बात का खुलासा हुआ कि महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। मतलब, काफी प्रताडऩा झेल रही थी। आखिर में थक कर मौत को गले लगा लिया। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में लोगों ने बताया कि ससुराल पक्ष जमकर प्रताडि़त करता था। यहां तक की एक मर्तबा घर से निकाल दिया गया। मकान के कमरे में बकरियां बांध दी गई। अलग मकान में रहने के बावजूद बाला देवी की प्रताडऩा बंद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। साथ ही उस रस्सी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया, जिसका इस्तेमाल करते हुए बाला देवी ने मौत का रास्ता चुना। मृतक महिला का पिता पीडब्ल्यूडी में कार्यरत है। गौशाला के नजदीक पेड़ से लटककर बाला देवी ने जान दी थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक महिला के ससुर रमेश, सास गुरदेई व जेठ अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उधर एसपी सौम्या सांबशिवन ने पुष्टि करते हुए कहा कि गरीब परिवार की महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने तीन को हिरासत में लेने की भी पुष्टि की है।