राजगढ़ (शेरजंग चौहान) : क्षेत्र के बच्चे आजकल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं खेलों में भी अपने आप को सर्वश्रेष्ठ साबित करने में जुटे हुए हैं। एक ओर जहां राजगढ़ से दो छात्राएं कुमारी प्रीति ठाकुर एवं अनुष्का शर्मा एमबीबीएस में उत्तीर्ण हो कर डाक्टर बनने की पंक्ति में खड़ी हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर कई खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।
इस कड़ी में पहला नाम रावमापा भनोग के अजीत का आता है, जिसका चयन अंडर-19 प्रदेश की कबड्डी टीम में हुआ है। यह चयन, 14-17 को रोहड़ू में आयोजित राज्य स्तर कबड्डी प्रतियोगिता में हुआ है। यह जानकारी देते हुए भनोग स्कूल के डीपीई अजय वर्मा ने बताया कि अजीत एक होनहार खिलाड़ी है, जो दो वर्षाें तक राज्यस्तर पर खेलता रहा और इस बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम में स्थान बना लिया।
अजीत कुमार कुश्ती का भी अच्छा खिलाड़ी है। इसने पिछली प्रतियोगिता में राज्यस्तर पर भाग लिया था। इसके अलावा इसी स्कूल का छात्र निखिल ठाकुर भी वालीबाल में प्रदेश की टीम से खेल चुका है। वर्मा ने कहा कि यह खेलों का ही नतीजा है कि भनोग स्कूल से पढ़कर निकले लगभग दो दर्जन खिलाडि़यों को सेना में प्रवेश मिलने पर देश सेवा का मौका मिला है।
इन उपलब्धियों को देखते हुए, एसएमसी अध्यक्ष कप्तान सिंह एवं पंचायत प्रधान चंद्रमोहन ने प्रधानाचार्य राजकुमार एवं डीपीई अजय वर्मा को बधाई दी है तथा आगामी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।