मंडी (वी कुमार) : जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल तहसील के बोहल गांव का जवान जसवंत सिंह आतंकी हमले में जख्मी हुआ है। सैनिक बेटे की सलामती को लेकर दुआएं मांगे जाने का दौर भी शुरू हो गया है। हालांकि सैनिक के घायल होने को लेकर प्रशासन को कोई भी अधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन अपने बूते ही प्रशासन ने जानकारी जुटाई है।
करीब बीस साल पहले हिमाचली बेटा 10 डोगरा रेजीमेंट में भर्ती हुआ था। आतंकी हमले के बाद रविवार शाम को हिमाचल के दो जवानों के शहीद होने की अफवाह फैली, लेकिन रात तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई। केवल जसवंत के जख्मी होने की खबर मिली। घायल सैनिक के परिवार को भी देर रात तक कोई सूचना नहीं थी। प्रशासन के मुताबिक संभवत: सैनिक के परिवार को सुबह उसके घायल होने की सूचना मिली है।
एमबीएम न्यूज द्वारा जुटाई जानकारी के मुताबिक घायल सैनिक मई में घर आया था। इस माह भी जसवंत के घर आने का कार्यक्रम था। दो बेटियों के पिता जसवंत सिंह को बचपन से ही देश की सेवा करने का जज्बा रहा। सैनिक की बड़ी बेटी आठवीं कक्षा में पढ़ती है, वहीं छोटी बेटी छठी कक्षा में पढ़ रही है। गौरतलब है कि रविवार तडक़े उरी आतंकी हमले में 17 जवान शहीद हो गए थे। जबकि कई घायल हुए हैं।
डीसी संदीप कदम ने जोगिंद्रनगर उपमंडल के रहने वाले जसवंत के आतंकी हमले में घायल होने की पुष्टि की है।