चंडीगढ़ (एमबीएम न्यूज) : हिमाचली गबरू द ग्रेट खली अब हरियाणा में खलबली मचाने जा रहे हैं। CWE के बैनर तले हरियाणा के ताऊ देवलाल स्टेडियम में 8 अक्तूबर शाम 6 बजे रेसलिंग का रिंग सजेगा। देश-विदेश के पहलवान इस शो में दो-दो हाथ करेंगे। खुद द ग्रेट खली भी रिंग में उतरेंगे।
हुड्डा ग्राऊंड पानीपत में 12 अक्तूबर को रेसलिंग प्रशसंकों से रिंग में खली मुखातिब होंगे। शो की तैयारियों को लेकर CWE की जालंधर स्थित अकादमी में रेसलर्स दिन-रात मेहनत में जुटे हुए हैं। देश में हरियाणा तीसरा राज्य होगा, जहां खली रिंग में नजर आएंगे।
इससे पहले उत्तराखंड के देहरादून व हल्द्वानी के अलावा पंजाब के लुधियाना में भी CWE रेसलिंग शो कर चुकी है। लुधियाना में बारिश ने किरकिरी कर दी थी। बावजूद इसके रेसलर्स का जोश कम नहीं हुआ। बारिश के बीच जोखिम उठाकर विदेशी रेसलर्स भी अपनी ताकत का लोहा मनवाते नजर आए थे।
द ग्रेट खली के मुताबिक गुडगांव व पानीपत में 15 अंतरराष्ट्रीय व 35 राष्ट्रीय पहलवान दमखम दिखाएंगे, जिसमें महिला रेसलर भी शामिल होंगी।