चंबा (एमबीएम न्यूज) : मणिमहेश यात्रा 2016 में यात्री पंजीकरण शुल्क नही लगेगा। यात्री पंजीकरण को लेकर डीसी चंबा ने स्थिति स्पष्ट कर दी हैं। शनिवार को प्रेसवार्ता करते हुए डीसी चंबा सुदेश मोख्टा ने यह खुलासा किया हैं। डीसी चंबा ने स्पष्ट कहा हैं कि मणिमहेश यात्रा में यात्रियों से कोई पंजीकरण शुल्क नही वसूला जाएगा। इन निर्देशों की पूर्ति जल्द से जल्द हो। डीसी चंबा की ओर से इस संदर्भ में निर्णय लेने का मकसद मणिमहेश श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाना हैं।
उल्लेखनीय हैं कि विश्व प्रसिद्द मणिमहेश यात्रा के दौरान इस बार यात्रियों से पंजीकरण शुल्क लेने की तैयारी मणिमहेश ट्रस्ट ने की थी। लिहाजा, बीस रूपये प्रति यात्री पंजीकरण के तौर पर जमा करवाने थे। यात्री पंजीकरण शुल्क को लेकर विवाद शुरू हो गया। लिहाजा, हर रोज सामाजिक संस्थाएं यात्री पंजीकरण शुल्क के विरोध में प्रदर्शन करने लगी।
शुक्रवार को भी भरमौर भाजपा ने पंजीकरण शुल्क के खिलाफ रोष रैली निकाली और एडीएम भरमौर को ज्ञापन सौंपा था। लिहाजा, सभी सामाजिक संस्थाए और अन्य संगठन यात्री पंजीकरण शुल्क को न्यायोचित नही बता रहे हैं। बहरहाल, यात्री पंजीकरण शुल्क को लेकर भरमौर में विवाद खड़ा होता देख भरमौर प्रशासन ने डीसी चंबा को इस मामले में फैसला लेने का आग्रह किया हैं। बहरहाल, शनिवार को डीसी चंबा सुदेश मोख्टा ने यात्रियों को राहत देते हुए उनसे पंजीकरण शुल्क न लेने बारे निर्देश जारी किए।