मंडी, 13 अप्रैल : मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत द्वारा लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ मनाली में की टिप्पणी के खिलाफ हिमाचल कांग्रेस के कानूनी एवं मानवाधिकार विभाग द्वारा चुनाव आयोग की गई शिकायत से भारतीय जनता पार्टी को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। यह बात भाजपा मंडल की बैठक के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने कहीं।
बता दें कि शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की भाजपा मंडल की पदाधिकारी बैठक मंडी में आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी व उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा व सदर विधायक अनिल शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बिहारी लाल शर्मा ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के चुनावी मैदान में होने के बाद से ही प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लेकर सभी नेता घबराए हुए हैं। इस घबराहट व जनता के बीच कंगना को मिल रहे समर्थन के चलते कांग्रेसी नेता अनाप शनाप बयान बाजी कर रहे हैं।
वहीं, मीडिया द्वारा भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के द्वारा विक्रमादित्य सिंह पर की गई टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि अभद्र भाषा की शुरुआत कांग्रेस पार्टी व विक्रमादित्य सिंह की ओर से ही की गई है। किसी भी प्रत्याशी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करना शोभनीय नहीं है। कांग्रेस पार्टी हिमाचल में अभी अपने प्रत्याशियों की घोषणा तक नहीं कर पाई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत अभी पहले राउंड चुनावी प्रचार पर है। दूसरे राउंड में कांग्रेस नेताओं की और बौखलाहट बढ़ाने वाली है।
@A1