पांवटा साहिब, 11 अप्रैल : उपमंडल के तहत रामपुर घाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में एक बाइक की टक्कर से महिला की मौत होने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि महिला रामपुर घाट में स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। मृतक महिला की पहचान किरण देवी पत्नी संतोष दुबे निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह महिला सड़क क्रॉस कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रही एक बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। मौके पर स्थित लोगों द्वारा महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन महिला तब तक दम तोड़ चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में ले लिया है। पांवटा साहिब की डीएसपी अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।