हमीरपुर, 31 मार्च : 27वीं जूनियर राष्ट्रीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक जीता है। हिमाचल प्रदेश के लिए सेपक टाकरा के खेल में यह पहला पदक है। कर्नाटक के देवेनगिरी में हुई पांच दिवसीय राष्ट्रीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में हिमाचल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
डबल इवेंट में सेमीफाइनल में उत्तराखंड के साथ मैच खेला गया, जिसमें हिमाचल टीम को कुछ प्वॉइंट से हार का सामना करना पड़ा। जिसका स्कोर 12-15, 13-15 रहा। हिमाचल प्रदेश टीम ने डबल इवेंट में कांस्य पदक जीत कर तीसरा स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में भारतवर्ष से 28 टीमों ने भाग लिया, जिसमें देशभर से करीब 700 खिलाड़ी (लड़के-लड़कियों) ने अपना दम दिखाया। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश ने बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया है। हिमाचल प्रदेश सेपक टाकरा संघ के प्रदेशाध्यक्ष पी.एन.आजाद, हेमराज प्रदेश कार्यकारी सचिव, अंजू शर्मा मंडी जिला महासचिव, पूर्ण चंद, रवि कुमार, नरेश कुमार, हरि कृष्ण, मनी लाल, लुदर चंद, विकास शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की टीम को अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।