शिमला, 10 मार्च : भाजपा लोकसभा चुनाव में मुस्लिम वोटरों को साधने में जुट गई है। इसके लिए देशभर में भाजपा द्वारा खासकर मुस्लिम समुदाय के लिए संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिसके तहत भाजपा नेता मुस्लिम समुदाय में जाकर मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियां गिना रही हैं। हिमाचल प्रदेश में भी यह कार्यक्रम का आगाज रविवार को शिमला से किया गया। जहां प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बिलाल शाह सहित अन्य पदाधिकारियों ने ईदगाह सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ संवाद किया और मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों का बखान किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बिलाल अहमद शाह ने कहा कि इसमें लोगों के साथ विभिन्न मामलों में चर्चा की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में 10 साल में कितना विकास देश का काम हुआ और किस वर्ग के लिए सरकार ने क्या काम किए हैं इनके बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के हित में केन्द्र सरकार ने जो विकासात्मक कार्य किए हैं उनकी भी जानकारी यहां दी जा रही है। देश में अमन, चैन बरकरार रहे इसके लिए मोदी सरकार ने बेहद प्रयास करके देश को नए मुकाम पर पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हमेशा भाजपा को मुस्लिम विरोधी बता कर अपनी राजनीति करता आया है लेकिन बीते 10 सालों में देश में कहीं भी देंगे नहीं हुए और कश्मीर से 370 हटाई और कश्मीर में अमन चैन वापस आ गया है। आतंकवाद का भी अंत हो गया है भाजपा के राज में मुस्लिम समुदाय सबसे ज्यादा अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार भी 400 से ज्यादा सीटें जीतकर पीएम मोदी दोबारा से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रदेश के मुस्लिम समुदाय भी भाजपा के साथ काफी तादाद में जुड़ रहा है और स्नेह संवाद कार्यक्रम के तहत उन्हें केंद्र की मोदी सरकार द्वारा खासकर अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।