शिमला, 7 मार्च : हिमाचल प्रदेश के सभी अस्पतालों में डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर हैं। डॉक्टर की हड़ताल से मरीजों व उनके तीमारदारों को सुबह से ही परेशानियां झेलनी पड़ रही है। खासकर वो मरीज जिन्हें डॉक्टरों की स्ट्राइक की जानकारी नहीं थी। शिमला के रिपन अस्पताल में भी सुबह से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डीडीयू शिमला में सुबह से मरीज डॉक्टर का इंतजार करते रहे।
प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए शिमला के रिपन अस्पताल पहुंचे मरीजों का कहना है कि उन्हें डॉक्टरों की स्ट्राइक की जानकारी नहीं थी। वह काफी दूर से इलाज के लिए किराया खर्च कर आए हैं। अस्पताल में कोई भी डॉक्टर नहीं मिल रहा है जिससे उन्हें भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला में होटल में ठहरना पड़ेगा, जिससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकार को डॉक्टरों की बात सुननी चाहिए ताकि जनता को समस्याओं से न जूझना पड़े।
वहीं रिपन अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर है। अस्पताल में दूरदराज क्षेत्रों व स्थानीय लोग भी इलाज के लिए आए हैं। शायद उन्हें आज सामूहिक अवकाश की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी इमरजेंसी सेवाएं लगातार जारी है। कल शिवरात्रि की छुट्टी है, परसों से अस्पताल में डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।